Uttarakhandउत्तराखंडएसटीएफ की बड़ी कार्रवाईदावा

एसएससी परीक्षा नकल गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रिमोट एक्सेस से कराता था चीटिंग

देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के मुख्य सरगना शुभम भटनागर को एसटीएफ टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को आयोजित एसएससी मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान देहरादून स्थित महादेवी कन्या पाठशाला परीक्षा केंद्र पर रिमोट एक्सेस के जरिए नकल कराए जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में 14 फरवरी को कोतवाली नगर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच एसटीएफ द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान एसटीएफ ने पहले ही गिरोह के दो सदस्यों नितिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सरगना शुभम भटनागर की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आरोपी देहरादून में “महादेव डिजिटल लैब” नाम से एक लैब संचालित करता था, जो परीक्षा केंद्र के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। जांच में सामने आया कि लैब के पास स्थित UPS रूम में अंडरग्राउंड चैंबर बनाकर रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही थी।

गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर चयन होने पर पद के ग्रेड पे के अनुसार मोटी रकम वसूलता था। आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। एसटीएफ टीम ने 4 मई को सहारनपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया और अब उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तार करने वालों में पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, निरीक्षक एनके भट्ट, उप निरीक्षक दीपक मैठाणी, उपनिरीक्षक राजेश ध्यानी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button