ऑपरेशन ‘प्रहार’ में STF का बड़ा एक्शन: 15 म्यूल खातों पर कार्रवाई, 2200 संदिग्ध खातों की जांच जारी

देहरादून।उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य में संचालित 15 म्यूल बैंक खातों पर कानूनी शिकंजा कस दिया है। इसके साथ ही 80 से अधिक खातों का सत्यापन किया जा चुका है, जबकि करीब 2200 संदिग्ध खातों को STF की रडार पर रखा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के नेतृत्व में गठित 12 विशेष टीमों द्वारा साइबर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि ये म्यूल खाते साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को छिपाने, ट्रांसफर करने और निकालने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।ऑपरेशन प्रहार के जरिए STF ने साफ संकेत दिया है कि साइबर ठगी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा—चाहे वह गिरोह का सदस्य हो या अपना खाता उपलब्ध कराने वाला आम नागरिक।
करोड़ों की ठगी का खुलासा
जांच के दौरान एक प्रमुख बैंक खाते में ही करीब ₹1.53 करोड़ की ठगी से जुड़ी 28 शिकायतें दर्ज पाई गईं। इसके अलावा अन्य खातों में भी लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आए हैं। ये शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के माध्यम से प्राप्त हुई थीं।
गिरोह के दो मुख्य एजेंट हिरासत में
STF ने कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट गिरोह के दो मुख्य एजेंटों को हिरासत में लिया है। दानिश अंसारी (29 वर्ष), मूल निवासी देवबंद (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी कंडोली, देहरादून, अंकित एन्थोनी (32 वर्ष), निवासी राजीव नगर, कंडोली, देहरादून दोनों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। कई खाताधारकों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
क्या है म्यूल अकाउंट का खेल?
जांच में खुलासा हुआ है कि अपराधी भोले-भाले लोगों को कमीशन, नौकरी या किराये का लालच देकर उनके बैंक खाते खरीद लेते हैं। बाद में उन्हीं खातों का उपयोग साइबर ठगी के पैसे को ट्रांसफर और निकालने में किया जाता है। कई मामलों में खाताधारकों ने अपने ATM, पासबुक, सिम कार्ड और नेट बैंकिंग की जानकारी भी सौंप दी थी।
बरामदगी
02 मोबाइल फोन, 03 बैंक पासबुक (उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक), 04 फर्जी सिम कार्ड
जनता के लिए जरूरी सावधानियां
STF ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि—
-अपना बैंक खाता किसी को किराए पर न दें
-KYC दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति/ऐप से साझा न करें
-‘घर बैठे कमाई’ या कमीशन के लालच में न आएं
-अनजान लिंक, QR कोड या WhatsApp मैसेज से सावधान रहें
-गूगल पर दिखने वाले हर कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें
शिकायत कहां करें
यदि आपके साथ साइबर धोखाधड़ी होती है या संदेह हो:
📞 हेल्पलाइन नंबर: 1930, वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in, STF की अपील
एसएसपी STF अजय सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
