उत्तराखंड में सबसे बड़ी डकैती की वारदात पर सीएम नाराज, बड़े अफसरों को दी नसीहत, जल्द हो सकती बड़ी कार्रवाई

देहरादून। राजधानी में राष्ट्रपति की मौजूदगी और गृह मंत्री के आगमन के बीच हुई सबसे बडी डकैती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस व्यवस्था पर कड़ी नाराज जाहिर की है।मुख्यमंत्री ने पीएचक्यू के बड़े पुलिस अफसरों को तलब कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पर अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं। जल्द जिम्मेदार अफसरों पर इस मामले में कार्रवाई तय मानी जा रही है।
राजधानी में पुलिस मुख्यालय के बगल और पॉश इलाके में शुमार राजपुर रोड पर गत दिवस बदमाशों ने दिन दहाड़े करीब साढ़े 10 बजे हथियार लहराते हुए डकैती डाली। यह डकैती उत्तराखंड के इतिहास में अब तक सबसे बड़ी है। इसमें बदमाशों ने देश के नामी रिलायंस ज्वेल्स (गोल्ड ) शो रूम से करीब 15 करोड़ से ज्यादा के जेवरात उड़ा लिए। घटना को 24 घण्टे से ज्यादा वक्त बीतने पर पुलिस के हाथ दो अज्ञात बाइकें हाथ लगी हैं। पुलिस का दावा है कि डकैती में उपयोग हुई बाइकें बदमाश पुलिस की चेकिंग के चलते सहसपुर में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कुछ सर्विलांस, फोरेंसिक और सीसीटीवी फुटेज जुटाते हुए बदमाशों की धरपकड़ को चार टीमें अलग अलग स्थानों पर भेजी गई हैं। इसके अलावा पुलिस कुछ संदिग्ध बदमाशों की भी तलाश कर रही है। इधर, घटना राज्य स्थापना दिवस और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की राजधानी में मौजूदगी के दौरान होने से अफसर खासे चिंतित हैं। प्रकरण में मुख्यमंत्री के द्वारा पुलिस के बड़े अफसरों को तलब कर चेतवानी दे दी कि जल्द घटना का खुलासा कर बदमाशो को सलाखों के भीतर डाला जाए। इसके अलावा कानून व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री की नाराजगी से साफ है कि इस मामले में कुछ बड़े अफसरों पर जिम्मेदारी तय होनी बाकी है। हालांकि अभी तक इस मामले में जिले, रेंज या फिर मुख्यालय की तरफ से लापरवाही पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उधर, एसएसपी अजय सिंह ने इस घटना को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और कहा कि जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वारदात के कुछ सुराग हाथ लगे हैं। इसी आधार पर पुलिस जांच कर रही है। बहरहाल त्योहारी सीजन के दौरान शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सभी को दहशत में डाल दिया है।
एक घण्टे में करीब करोड़ों के जेवरात उड़ाए
जानकारी के अनुसार शो रूम में सुबह साढ़े 10 बजे पहले चार बदमाश शोरूम के अंदर घुसे। इस दौरान एक बाहर खड़ा रहा। इस दौरान शो रूम में गार्ड समेत करीब एक दर्जन कर्मचारियों के अलावा 4 खरीददार भी थे। बदमाशों ने सभी पर पिस्तौल तानते हुए बंधक बनाया। इस दौरान शो रूम में रखे करोडों के हीरे, सोने, चांदी के जेवरात लूट लिए। बेखौफ बदमाशों ने करीब आधे घण्टे तक लूटपाट की।फिर वहां से जेवरात बैग में भरकर भरे बाजार से दो बाइक से भाग गए।
राजपुर रोड पर सचिवालय और पुलिस मुख्यालय के पास ठीक सेंट जोसेफ स्कूल के सामने रिलायंस ज्वेल्स नाम से शोरूम है। इसके बगल से ही होटल इंद्रलोक को जाने वाली व्यस्त गली है। भीड़भाड़ वाले इलाके के बावजूद यहां बदमाशों ने जिस दुःसाहस से डकैती की वारदात को अंजाम दिया है, उससे हर कोई दहशत में है। इस घटना से शहर में सनसनी फैल रखी है।