Uttarakhandउत्तराखंडदेश-विदेशनई जिम्मेदारी

उत्तरकाशी के पूर्व जिलाधिकारी केके पंत बने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव

देहरादून। उत्तराखंड के मूल निवासी एवं उत्तरकाशी के पूर्व जिलाधिकारी रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार (केके) पंत को हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। 1993 बैच के आईएएस अधिकारी पंत वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में वन, गृह एवं सतर्कता विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव संजय गुप्ता के 30 मई को सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य सरकार ने केके पंत को प्रशासनिक मुखिया की जिम्मेदारी सौंपी है। वरिष्ठता क्रम में संजय गुप्ता के बाद केके पंत का स्थान था और अब वे प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बन गए हैं।
केके पंत का प्रशासनिक अनुभव बेहद व्यापक रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, वहीं केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति के दौरान भी विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। कांगड़ा के जिलाधिकारी के रूप में भी उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है।
उत्तराखंड से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी रहते हुए वर्ष 2003 के चर्चित वरुणावत भू-स्खलन संकट के दौरान उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस समय उनकी प्रशासनिक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की शैली की व्यापक सराहना हुई थी।
राज्य सरकार ने फिलहाल उन्हें मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश प्रशासन में व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकता है। वर्तमान में उनके पास मौजूद कई विभागों का पुनर्वितरण भी किया जा सकता है। केके पंत की नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और संकट प्रबंधन की क्षमता से राज्य प्रशासन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button