धामी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 19 IAS और 11 PCS अधिकारियों के दायित्व बदले

देहरादून।उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र धामी सरकार ने शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एक साथ 19 आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव करते हुए सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि प्रशासनिक मोर्चे पर चुनाव से पहले व्यवस्थाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त किया जा रहा है। इस फेरबदल में जहां प्रशासनिक अनिवार्यता का पालन किया गया है, वहीं भरोसेमंद और काबिल अधिकारियों को अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपकर संतुलन साधने की कोशिश भी की गई है।
हरफनमौला वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम से आवास विभाग एवं इससे जुड़े अन्य दायित्व वापस ले लिए गए हैं। हालांकि, उनके पास हरिद्वार–ऋषिकेश गंगा परियोजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का जिम्मा बरकरार रखा गया है, ताकि वह इस दूरगामी और महत्वाकांक्षी परियोजना पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। इसके साथ ही ऊर्जा जैसा महत्वपूर्ण विभाग भी उनके पास यथावत रखा गया है। वहीं आवास विभाग और इससे जुड़े अन्य दायित्व सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को सौंपे गए हैं। सरकार ने इस अहम विभाग को अपने भरोसेमंद और काबिल अधिकारी के हाथों में देकर स्पष्ट संदेश दिया है। हालांकि नए दायित्वों के बोझ को संतुलित करने के लिए डॉ. आर. राजेश कुमार से सचिव स्वास्थ्य का प्रभार वापस ले लिया गया है।अब स्वास्थ्य विभाग और उससे जुड़े अन्य दायित्व सचिव सचिन कुर्वे को सौंपे गए हैं। लंबे समय से अपेक्षाकृत हल्के दायित्वों में रहे सचिन कुर्वे को इस फेरबदल के जरिए अपनी प्रशासनिक क्षमता साबित करने का बड़ा अवसर मिला है। इसके अलावा वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, बीवीआरसी पुरुषोत्तम, दीपेंद्र चौधरी समेत अन्य अधिकारियों के पदभार में भी आंशिक बदलाव किए गए हैं।

पीसीएस अधिकारियों में भी फेरबदल
शासन ने आईएएस के साथ-साथ 11 पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया है। इसमें प्रमुख रूप से देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट और तेज-तर्रार अधिकारी प्रत्यूष सिंह से जीएमवीएन के महाप्रबंधक का प्रभार वापस लेते हुए उन्हें मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।कुल मिलाकर, यह प्रशासनिक फेरबदल सरकार की चुनावी तैयारियों और प्रशासनिक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
