
देहरादून। जम्मू कश्मीर के राजौरी सेक्टर में देश के पांच लाल दुश्मनों से भिड़ते हुए शहीद हो गए हैं। शहीदों में एक जवान उत्तराखंड के गैरसैंण का रहने वाला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य ने शहीद की शहादत पर गहरा शोक जताया है। बताया जा रहा कि शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ला जा रहा है। जहां सैन्य सम्मान से अंतिम विदाई दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार चमोली जिले का एक जांबाज रुचिन रावत पुत्र राजेन्द्र सिंह रावत ग्राम कूनीगाड मल्ली (गैरसैंण-चौखुटिया) आज राजोरी सेक्टर जम्मू-कश्मीर में दुश्मनों से भिड़ते हुए बीरगति को प्राप्त हो गया। इनके साथ भारतीय सेना के चार अन्य जवान भी मां भारती के लिए अमर हुए। यह दुःखद समाचार मिलते ही समूचे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी में हुई आतंकी मुठभेड़ में उत्तराखण्ड के लाल, चमोली निवासी लांस नायक रुचिन सिंह रावत जी के शहीद होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूत को मेरा शत-शत नमन। इधर, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर समेत अन्य राज्यों के जवान भी शहीद हुए हैं। उधर, भाजपा नेता एवं यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल ने भी जवानों की शहादत पर गहरा दुख जताया है।