‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ सड़कों पर उतरे भाजपा नेता और कार्यकर्ता, कांग्रेस पर साधा निशाना

देहरादून। भाजपा ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। सर्वे चौक स्थित मंगलादेवी इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पदयात्रा के दौरान भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर नकारात्मक एवं अराजक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जनता के बीच अपना पक्ष रखा।

पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज ने किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, खजान दास, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती और विपक्ष की कथित अराजक राजनीति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पदयात्रा में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा पर अपना विश्वास जताया है, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार मिल रही राजनीतिक पराजय से हताश होकर संवैधानिक प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

भट्ट ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देते हैं, लेकिन उनकी राजनीति का आधार सकारात्मक संवाद के बजाय टकराव और नकारात्मकता बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सड़कों पर टकराव की राजनीति के जरिए देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा सड़कों पर संघर्ष और जनआंदोलनों के माध्यम से खड़ी हुई पार्टी है। भाजपा के कार्यकर्ता सत्ता के गलियारों में बैठकर नहीं, बल्कि जनता के बीच संघर्ष करते हुए यहां तक पहुंचे हैं। ऐसे में अलोकतांत्रिक तरीकों से भाजपा को चुनौती देने की कोशिश सफल नहीं होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित पदयात्राओं में जिस तरह आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली है, वह भाजपा के प्रति जनसमर्थन को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ी है। पदयात्राओं में उमड़ा उत्साह इस बात का संकेत है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। भट्ट ने कहा कि देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निकली पदयात्राओं को मिला जनसमर्थन विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब है। भाजपा जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की ताकत के बूते विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाती रहेगी।
