केदारनाथ के लिए अक्टूबर की हेलीकाप्टर बुकिंग 22 सितम्बर से, यहां करें बुकिंग
चारधाम हेली सेवा: केदारनाथ के लिए 8,896 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग पूरी, हेमकुंड के लिए भी बढ़ी मांग

देहरादून। चारधाम हेली सेवा को लेकर यात्रियों के बीच लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने हेली सेवाओं की तैयारियों और ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), UCADA द्वारा आज हेली सेवाओं के संचालन, सुरक्षा और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की समीक्षा की गई। इधर, केदार नाथ समेत चारों धाम के लिए हेलीकॉप्टर की बुकिंग केवल एकमात्र आधिकारिक IRCTC HeliYatra वेबसाइट के माध्यम से होती है। अन्य फर्जी साइड से टिकट बुक न करें।
कहा गया कि चारधाम हेली सेवा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और DGCA द्वारा निर्धारित आवश्यक उपायों एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
केदारनाथ के 8,896 टिकटों की बुकिंग पूरी
श्री केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक की हेली यात्रा के कुल 8,896 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर से शुरू की गई थी। UCADA के मुताबिक उपलब्ध सभी 8,896 टिकटों की बुकिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक की यात्रा के लिए श्री केदारनाथ धाम के कुल 8,340 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इससे उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी जो अक्टूबर में हेली सेवा से केदारनाथ धाम पहुंचने की योजना बना रहे हैं।
हेमकुंड साहिब के लिए भी टिकट उपलब्ध
श्री हेमकुंड साहिब की हेली सेवा को लेकर भी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। 15 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक की यात्रा के लिए कुल 960 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर से शुरू हो चुकी है।
इसके अलावा 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक की यात्रा के लिए श्री हेमकुंड साहिब के कुल 600 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 22 सितंबर 2026 से शुरू की जाएगी।
फर्जी वेबसाइट और एजेंटों से सावधान रहने की अपील
UCADA ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेली यात्रा के टिकट केवल अधिकृत माध्यम से ही बुक करें। यात्रियों को अनधिकृत व्यक्तियों, एजेंटों, फर्जी वेबसाइट अथवा संदिग्ध लिंक के माध्यम से टिकट बुकिंग या भुगतान करने से बचने की सलाह दी गई है। UCADA ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और चारधाम हेली सेवा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। खास बात यह है कि 15 से 30 सितंबर के लिए केदारनाथ के 8,896 टिकट और हेमकुंड साहिब के 960 टिकट की बुकिंग उपलब्धता के अनुसार पूरी/शुरू हो चुकी है, जबकि अक्टूबर की अगली बुकिंग के लिए 22 सितंबर महत्वपूर्ण तारीख होगी।
