हरिद्वार में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार, 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद

देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), औषधि विभाग और ज्वालापुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरिद्वार में एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के आवास, फ्लैट और कार से 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया है। बरामद सिरप के संबंध में आरोपी कोई वैध लाइसेंस या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
एसटीएफ के अनुसार पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के नेतृत्व में राज्यभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान गोपनीय सूचना मिली कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक आकाश छाबड़ा अपने आवास पर अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने आरोपी के आवास, फ्लैट तथा उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी उक्त दवाओं के क्रय-विक्रय और भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले लोगों को यह सिरप फुटकर में बेचकर अवैध लाभ कमाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय आकाश छाबड़ा पुत्र सुरेश छाबड़ा, निवासी आर्य नगर, थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। वह सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों तथा नशीले सिरप की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की भी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान टीम ने 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप तथा एक वैगनआर कार भी कब्जे में ली। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस या एसटीएफ को सूचना दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
