Uttarakhandअपराधउत्तराखंडविजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

सतर्कता विभाग की दो बड़ी कार्रवाइयां, पुलिसकर्मी और नगर निगम कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई लगातार जारी है। रविवार को सतर्कता विभाग ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल में तैनात एक पुलिसकर्मी तथा नगर निगम देहरादून के एक सफाई नायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर प्राप्त हुई थी।

पहले मामले में शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को बताया कि वह सरकारी खनन पट्टे पर आरबीएम (RBM) निकालने का कार्य करता है तथा आरबीएम को स्थानीय स्टोन क्रेशर तक पहुंचाने के लिए वाहनों का उपयोग किया जाता है। आरोप था कि थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर खटीमा, उधम सिंह नगर द्वारा वाहन चालान और वाहन सीज कराने का भय दिखाकर परिवहन कार्य में अनावश्यक रोकटोक की जा रही थी तथा इसके एवज में 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी द्वारा गठित ट्रैप टीम ने रविवार को आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दूसरे मामले में शिकायतकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी चांदचक रोड, बंजारावाला स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान के बाहर पानी फैले होने पर नगर निगम देहरादून के सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार द्वारा उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया था। आरोप था कि चालान निपटाने के बदले आरोपी द्वारा 3 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगी जा रही थी। इस शिकायत की पुष्टि होने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया और ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकुश कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button