अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार से लापता पुलिस सिपाही का शव बरामद, एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन

देहरादून। जनपद अल्मोड़ा में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पिछले चार दिनों से लापता चल रहे एक आरक्षी का शव गहरी खाई से बरामद किया गया। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11:28 बजे भिकियासैंण थाने से SDRF को सूचना मिली कि भतरौजखान थाने में तैनात एक आरक्षी की कार मछोड़ क्षेत्र के पास गहरी खाई में गिरी हुई दिखाई दी है। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि हुंडई क्रेटा (संख्या UK18Q-2132) मुख्य सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम खाई में उतरी और सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान टीम को आरक्षी का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान आरक्षी 11CP संजीव चौधरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शेरपुर, हरिद्वार के निवासी थे और वर्तमान में भतरौजखान थाने में तैनात थे। SDRF टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
