उत्तराखण्ड STF की बड़ी कार्रवाई: अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद

देहरादून। उत्तराखण्ड में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और एक कार बरामद की गई है।यह कार्रवाई राज्य में चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत की गई, जिसे दीपम सेठ के निर्देशों पर संचालित किया जा रहा है।
भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त महेश गंगवार निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी किच्छा, ऊधमसिंह नगर को थाना पुलभट्टा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 6 तमंचे (.315 बोर), 1 राइफल (12 बोर), 2 खोखा कारतूस (.32 बोर) और एक वैगनआर कार बरामद की गई।बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के बीच अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था। बरामद हथियार उत्तर प्रदेश की अवैध फैक्ट्रियों में तैयार किए गए थे।
STF ने तोड़ा बड़ा नेटवर्क
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह ने बताया कि STF को यूपी-उत्तराखण्ड बॉर्डर पर हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उस समय दबोच लिया जब वह कार में हथियारों की खेप लेकर उत्तराखण्ड में प्रवेश कर रहा था। इस कार्रवाई से एक बड़े अन्तर्राज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क को तोड़ने में सफलता मिली है।
लगातार जारी है सख्त अभियान
एसएसपी STF के अनुसार, राज्य में बढ़ती फायरिंग और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक STF 21 अवैध हथियार और 35 कारतूस बरामद कर चुकी है तथा 8 शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
नेटवर्क की खंगाली जा रही कड़ियां
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।फिलहाल आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।