Uttarakhandउत्तराखंडकाम की तारीफप्रतिभा को सलाम

उत्तरकाशी जिले के 8 बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

देहरादून। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में इंस्पायर अवार्ड–मानक योजना के अंतर्गत दो दिवसीय जनपद स्तरीय प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद भर से चयनित 78 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान एवं नवाचार पर आधारित अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए।

निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन के उपरांत जनपद के 8 बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। छात्रों के नवाचारी विचारों, सामाजिक उपयोगिता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को देखते हुए निर्णायकों ने चयन प्रक्रिया को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बाल वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत, रचनात्मक सोच और नवाचार क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा भी तय करते हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि इंस्पायर अवार्ड जैसी योजनाएं विद्यार्थियों को बचपन से ही अनुसंधान और नवाचार की ओर प्रेरित करती हैं। उन्होंने चयनित एवं प्रतिभागी सभी छात्रों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।जिला सह-समन्वयक डॉ. संजीव डोभाल ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड–मानक योजना के तहत कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों से वैज्ञानिक एवं नवोन्मेषी विचार आमंत्रित किए जाते हैं। चयनित छात्रों को अपने मॉडल विकसित करने के लिए ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक डॉ. राजेश जोशी ने स्थल संयोजिका प्रियंका भंडारी (प्रधानाचार्या, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी) सहित सभी अतिथियों, मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों एवं बाल वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन माधव जोशी, खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती हर्षा रावत एवं निर्णायक सुमन रावत व राजपाल सिंह पंवार द्वारा चयनित बाल वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय प्रकाश नौटियाल ने किया।

इस अवसर पर डॉ. शंभू नौटियाल, सुमेरा प्रजापति, विनोद घिल्डियाल (जिला समन्वयक विज्ञान महोत्सव), विजयपाल राणा, राजेंद्र नौटियाल, संजय शाह, धनवीर शाह, मनीष सेमवाल, जय नारायण नौटियाल, गंभीर पाल राणा, सुरेश शाह, मालचंद, तिल्लोत्मा, प्रियंका चौहान, विभूति भूषण सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक व छात्र उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित बाल वैज्ञानिक
अनूप सिंह बिष्ट
(आई ब्लिंक सेंसर / Eye Blink Sensor)
भागीरथी विद्या मंदिर, चिन्यालीसौड़
अनमोल नेगी
(डिटैचेबल पैराशूट सीड / Aeroplane Detachable Parachute Seed)
पायनियर इंटरनेशनल स्कूल, जोशियाड़ा
अंशिका
(स्मार्ट हेलमेट / Smart Helmet)
UPS बरेठी
सुरजमणि
(स्मोकलेस मल्टी-फंक्शनल चूल्हा / Smokeless Multi Functional Stove)
UPS चांदेली
विपुल नौटियाल
(एडजस्टेबल सिकल / Adjustable Sickle)
GIC कंडारी
एम. एस. रानी
(एलपीजी स्टोव व सिलेंडर के लिए सुरक्षा उपकरण)
GIC रौंतल
निखिल
(ऊर्जा उत्पन्न करने का उपकरण / Energy Producing Device)
UPS कंतारी
आयुषी
(एंजेल्स–मैटली : रोगी को बेड से वॉशरूम तक ले जाने का उपकरण)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button