सुखवंत आत्महत्या प्रकरण में एसएसपी समेत दरोगाओं को पूछताछ के लिए एसआईटी ने जारी किए नोटिस

देहरादून।सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो तथा मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर SIT ने एसएसपी ऊधमसिंहनगर सहित तीन उपनिरीक्षकों एवं एक अपर उपनिरीक्षक को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक से जुड़े भूमि धोखाधड़ी के आरोपों की गहन जांच की जा रही है। इस क्रम में SIT द्वारा रजिस्ट्रार एवं तहसील कार्यालय से संबंधित अभिलेख तलब किए गए हैं। साथ ही, संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल के लिए विभिन्न बैंकों को नोटिस जारी कर बैंकिंग ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं। प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर लेन-देन की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जाएगा।
SIT के सदस्य एवं पुलिस अधीक्षक, चंपावत अजय गणपति ने बताया कि प्रकरण से जुड़े सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को कब्जे में लेकर उनका सूक्ष्म एवं तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच किसी भी दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि SIT की विशेषज्ञ तकनीकी टीम द्वारा मामले से संबंधित कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी इनपुट्स का टेक्निकल सर्विलांस के माध्यम से गहन विश्लेषण लगातार किया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा।
