Uttarakhandउत्तराखंडप्रतिभा को सलामसम्मान

सीबीआई डीएसपी तेज प्रकाश देवरानी को संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा पदक

देहरादून।सीबीआई के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) तेज प्रकाश देवरानी को दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (UNMISS) के अंतर्गत उत्कृष्ट सेवाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा स्थित संयुक्त राष्ट्र भवन में आयोजित एक औपचारिक समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस आयुक्त, चीफ ऑफ स्टाफ मूरत इक्सिक, UNMISS के फोर्स कमांडर मोहन सुब्रमण्यम, मानव संसाधन प्रबंधन इकाई प्रमुख सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों से आए 18 भारतीय पुलिस अधिकारियों सहित कुल 13 देशों के शांति रक्षकों को भी पदक से सम्मानित किया गया।
डीएसपी तेज प्रकाश देवरानी वर्तमान में दक्षिण सूडान के पश्चिमी बह्र अल ग़ज़ल (WAU) राज्य में तैनात हैं। उनके योगदान को शांति स्थापना, नागरिकों की सुरक्षा, स्थानीय प्रशासन को सहयोग तथा संयुक्त राष्ट्र मिशन के जनादेश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष रूप से सराहा गया। मिशन अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सम्मान शांति रक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ कानून के शासन और स्थिरता को सुदृढ़ करते हैं।
गौरतलब है कि तेज प्रकाश देवरानी को इससे पूर्व भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्हें वर्ष 2016 में सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय पुलिस पदक, वर्ष 2013 और 2018 में सीबीआई दिवस पुरस्कार, वर्ष 2019 में दक्षिण सूडान में शांति स्थापना के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक तथा वर्ष 2022 में राष्ट्रपति पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया जा चुका है।
तेज प्रकाश देवरानी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित देवराना गांव के निवासी हैं और वर्तमान में देहरादून के अजबपुर कला, साकेत कॉलोनी में निवास करते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, पत्नी तृप्ति देवरानी के सहयोग, परिवार और सहयोगी अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी दिवंगत माता का आशीर्वाद बताते हुए याद किया, जिनका अगस्त 2025 में निधन हो गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button