Uttarakhandउत्तराखंडचारधाम यात्राधर्म स्थल

22 अप्रैल को खुलेंगे श्री केदारनाथ धाम के कपाट वृष लग्न में प्रातः 8 बजे होगा कपाटोद्घाटन, पंचमुखी डोली कार्यक्रम घोषित

देहरादून। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी यात्रा वर्ष में 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। कपाट खुलने की विधिवत घोषणा रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने पंचांग गणना के पश्चात की

कपाट खुलने की तिथि निर्धारण का कार्यक्रम शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर को साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया तथा दानीदाताओं द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और वातावरण “जय श्री केदार” के उद्घोष से भक्तिमय हो गया। इसी अवसर पर भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम भी घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल को उखीमठ में भैरवनाथ जी की पूजा संपन्न होगी। 19 अप्रैल को पंचमुखी डोली उखीमठ से फाटा के लिए प्रस्थान करेगी, 20 अप्रैल को गौरीकुंड और 21 अप्रैल को श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे कपाटोद्घाटन किया जाएगा।
कपाट खुलने की तिथि निर्धारण कार्यक्रम में श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मंदिर समिति परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु समिति राज्य सरकार व प्रशासन के साथ समन्वय में कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि कपाट खुलने की तिथि तय होते ही यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मंदिर समिति के कार्यालयों एवं विश्राम गृहों का निरीक्षण कार्य भी जारी है।
इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिलापंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, चारधाम यात्रा मुख्य सलाहकार बीडी सिंह सहित बीकेटीसी के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, धर्माचार्य, हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित समाज और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button