एसपी ने ली मासिक अपराध गोष्ठी, नशा उन्मूलन व अपराध नियंत्रण के दिए निर्देश

देहरादून। कमलेश उपाध्याय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानसू में अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ क्राइम मीटिंग और मासिक सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। बैठक में अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन और आगामी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सम्मेलन के दौरान एसपी ने सबसे पहले पुलिस कर्मियों की विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही पिछले महीने उठाई गई समस्याओं पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। बैठक में फरवरी 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को “मैन ऑफ द मंथ” घोषित कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आगामी चार धाम Yatra-2026 को देखते हुए एसपी ने गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा मार्ग से जुड़े थाना प्रभारियों को स्थायी व अस्थायी पुलिस चौकियों, पंजीकरण केंद्रों, बैरियर और चेक पोस्टों पर तैनात जवानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुमशुदा बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की तलाश के लिए ऑपरेशन स्माइल को और अधिक सक्रियता से चलाने को कहा गया।
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, विशेषकर एनडीपीएस एक्ट और महिला अपराधों से जुड़े मामलों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। थानों में लंबित समन, वारंट और ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने को भी कहा गया।
बैठक में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशा उन्मूलन को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार सहित अभियोजन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
