शिक्षा को जीवन का मूलमंत्र मानने वाले लेफ्टिनेंट संदीप भट्ट समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत

देहरादून।जनपद उत्तरकाशी के शिक्षा जगत में लेफ्टिनेंट संदीप भट्ट एक सशक्त और प्रेरणादायी नाम के रूप में उभरकर सामने आए हैं। जीवविज्ञान विषय के वरिष्ठ प्रवक्ता के रूप में वे पिछले 15 वर्षों से न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वे पीएम राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, मातली उत्तरकाशी में प्रभारी प्रधानाचार्य एवं आहरण-वितरण अधिकारी (DDO) के पद पर कार्यरत हैं।
उनके नेतृत्व में विद्यालय को पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है, जहाँ शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इससे विद्यालय की शैक्षिक छवि में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है। अपने सेवाकाल के दौरान लेफ्टिनेंट भट्ट ने राजकीय इंटर कॉलेज, नेटवाड़ में कार्य करते हुए मोरी जैसे दुर्गम विकासखंड में राजकीय शिक्षक संघ के निर्विरोध ब्लॉक मंत्री एवं विज्ञान समन्वयक के रूप में प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया। इसके अतिरिक्त वर्तमान विद्यालय में वे परिषद परीक्षा प्रभारी, एनएसएस प्रभारी एवं विज्ञान समन्वयक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
आदर्श विद्यालय परीक्षा 2016 में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर चयनित लेफ्टिनेंट संदीप भट्ट वर्तमान में पीएम श्री जीएमआईसी मातली के प्रभारी प्रधानाचार्य हैं। साथ ही वे प्रशिक्षित एनसीसी एएनओ के रूप में भी विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे जीवविज्ञान विषय का अध्यापन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ करते हैं। उनके विषय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्तराखंड बोर्ड के औसत से बेहतर रहा है, जो उनके समर्पित शिक्षण कार्य को दर्शाता है।
एनसीसी प्रशिक्षण में गोल्ड मेडलिस्ट एएनओ के रूप में पिछले पाँच वर्षों से वे सक्रिय रूप से राष्ट्रसेवा में जुटे हैं। गणतंत्र दिवस परेड 2026, नई दिल्ली में उन्होंने 127 कैडेट्स के दल का नेतृत्व किया, जिसके लिए उन्हें एडीजी एवं डीजी एनसीसी द्वारा सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षित अनेक छात्र-छात्राएँ आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। अनुशासन, नेतृत्व और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जीवन का मूलमंत्र मानने वाले लेफ्टिनेंट संदीप भट्ट वर्तमान समय में समाज और शिक्षा जगत के लिए एक प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
