दून मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल में 6 नई जन सुविधाओं का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा विस्तार

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और मरीजों के लिए अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने आज राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल, देहरादून में छह नई जन सुविधाओं का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को अब बेहतर इलाज, तेज सेवाएं और अस्पताल में कम भागदौड़ का लाभ मिलेगा।इ स अवसर पर डॉ. अजय आर्य, डॉ. गीता जैन, डॉ. के.सी. पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।
मरीजों को मिलेंगी आधुनिक और आसान सेवाएं
अस्पताल में शुरू की गई नई सुविधाओं में ऑक्यूपेशनल थेरेपी यूनिट, प्रत्येक फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर, स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक, पैथोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक Sysmex मशीन, हेल्थ पैकेज चेकअप्स और एनस्थीसिया वर्क स्टेशन शामिल हैं। ऑक्यूपेशनल थेरेपी यूनिट के माध्यम से बच्चों और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) और शारीरिक रिकवरी की सुविधा मिलेगी। वहीं, हर फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू होने से मरीजों को अब ग्राउंड फ्लोर पर लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय की बचत होगी और व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बनेगी। स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक की स्थापना से खिलाड़ियों और एथलीट्स को खेल से जुड़ी चोटों का विशेषज्ञ इलाज एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा पैथोलॉजी विभाग में स्थापित नई Sysmex मशीन के जरिए ब्लड टेस्ट्स अधिक सटीक और कम समय में किए जा सकेंगे।
सर्जिकल सेवाओं को मिलेगा मजबूती
एनस्थीसिया वर्क स्टेशन की स्थापना से ऑपरेशन थिएटर और सर्जिकल सेवाओं को और अधिक मजबूत किया गया है, जिससे जटिल ऑपरेशनों को भी सुरक्षित और प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। साथ ही, आम जनता के लिए किफायती दरों पर हेल्थ पैकेज चेकअप्स की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोग समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच करा सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में बड़ा कदम
यह पहल उत्तराखंड सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बनाया जा रहा है। इन सुविधाओं के शुरू होने से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
