मोथरोवाला में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, 150 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

देहरादून। मोथरोवाला स्थित कम्युनिटी फार्मेसी परिसर में रविवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सुशीला इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SIMS) द्वारा नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट सोसाइटी (NRMS) एवं विष्णुपुरम जनकल्याण समिति के सहयोग से किया गया, जिसमें सेवन मून हॉस्पिटल और मैक्स लैब ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

शिविर में क्षेत्र के 150 से अधिक लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 100 से अधिक मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी दी। शिविर के दौरान सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए 20 से अधिक युवाओं ने मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर का मुख्य आकर्षण सेवन मून हॉस्पिटल की डॉ. शोभना सिंह का विशेष परामर्श सत्र रहा। उन्होंने महिलाओं को मातृत्व, स्त्री रोग एवं सामान्य स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और जागरूक किया। इसके अलावा फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. तनप्रीत ने लगभग 30 मरीजों का उपचार कर उन्हें मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। यह कार्यक्रम डॉ. ज्योति जुयाल पंत के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद रमोला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ दिनेश कठैत (अध्यक्ष, विष्णुपुरम जनकल्याण समिति), सतीश चंद्र बौड़ाई (सचिव), अंकित भंडारी (अध्यक्ष, NRMS) और वीरेन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने रक्तदाताओं और चिकित्सा टीम का उत्साहवर्धन किया।

शिविर को सफल बनाने में आराधना, सोहन जगरी, गीतांजलि धानिक सहित फैकल्टी ऑर्गनाइजिंग कमेटी और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और विशेष रूप से रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
