उत्तराखंड में कुंभ मेला तैयारियों के बीच चार आईपीएस अधिकारियों के तबादले, आईपीएस श्वेता बनीं टिहरी की एसएसपी

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में अहम फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों में जनहित और रिक्त पदों को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, पुलिस मुख्यालय में तैनात पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) योगेंद्र सिंह रावत को अब पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वहीं टिहरी जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत आयुष अग्रवाल को भी कुंभ मेला में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। इसी क्रम में सेनानायक, आईआरबी द्वितीय के पद पर तैनात श्वेता चौबे को टिहरी का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जबकि पुलिस अधीक्षक (क्राइम अगेंस्ट वूमेन/सीसीटीएनएस/प्रशिक्षण) के पद पर कार्यरत विशाखा अशोक भदाणे को सेनानायक, आईआरबी द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करें और कार्यभार ग्रहण करने की सूचना पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराएं। माना जा रहा है कि आगामी कुंभ मेला की तैयारियों और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है, जिससे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
