Uttarakhandउत्तराखंडदावा

उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट पर सोमवार को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

देहरादून। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा देहरादून जनपद में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार (20 जुलाई) को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। उधर, टिहरी जिले की डीएम नीतिका खंडेलवाल ने भी सभी स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी कर दिया है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के हित में लिया गया है। आदेश के अनुसार सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।  मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली तथा जलभराव की स्थिति बनने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बच्चों को घर से बाहर न भेजें तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मानसून के सक्रिय रहने के कारण जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button