आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल: कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाए गए 13 घायल, भूकंप और भगदड़ के परिदृश्य में चला रेस्क्यू अभियान

देहरादून। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल के तहत कोरोनेशन जिला अस्पताल में घायलों को पहुंचाने और उनके उपचार की व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया। इस दौरान भूकंप, भगदड़ और आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू एवं मेडिकल रिस्पांस की तैयारियों को परखा गया।

मॉक ड्रिल के लिए तैयार किए गए परिदृश्य के अनुसार आग लगने की घटना में दो लोगों के घायल होने की स्थिति दिखाई गई। वहीं भूकंप और भगदड़ के संयुक्त परिदृश्य में 11 घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इन 11 घायलों में तीन को फ्रैक्चर तथा पांच को गंभीर रूप से घायल दर्शाया गया। अभ्यास के दौरान घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल तक पहुंचाने, चिकित्सकीय जांच, प्राथमिक उपचार और गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया। अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय रखते हुए अलग-अलग श्रेणियों के घायलों के उपचार की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

सीएमओ डॉ. मनीष शर्मा को कमांडिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी
मॉक ड्रिल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा को कमांडिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई। चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में डॉ. डुंडरियाल और डॉ. रनीश चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम की भूमिका रही। इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के बीच समन्वय, घायलों के त्वरित उपचार और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की क्षमता का आकलन करना रहा।
मॉक ड्रिल के माध्यम से यह परखने का प्रयास किया गया कि भूकंप जैसी बड़ी आपदा में एक साथ बड़ी संख्या में घायल लोगों के अस्पताल पहुंचने पर स्वास्थ्य सेवाएं किस तरह काम करेंगी और सीमित समय में कितनी प्रभावी तरीके से मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
गौरतलब है कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में भूकंप, भूस्खलन और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए इस तरह के अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे आपदा के समय संभावित चुनौतियों की पहचान करने और राहत एवं बचाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।