गाजणा क्षेत्र को जल्द मिल सकती है देहरादून के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा

देहरादून। गंगोत्री विधानसभा के गाजणा क्षेत्र को देहरादून से सीधी रोडवेज बस सेवा से जोड़ने की मांग उठाई गई है। मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में हो रही दिक्कतों का हवाला देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। भट्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंगोत्री विधानसभा का गाजणा क्षेत्र टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ है। यहां के ग्रामीणों को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देहरादून सहित अन्य शहरों तक आना-जाना पड़ता है, लेकिन क्षेत्र से देहरादून के लिए सीधी सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते लोगों को रास्ते में वाहन बदलने पड़ते हैं और अतिरिक्त समय व धन खर्च करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने भी उनके सामने इस समस्या को प्रमुखता से रखा था। सीधे बस संपर्क के अभाव में स्थानीय लोगों के साथ-साथ रोजगार के सिलसिले में बाहर रहने वाले युवाओं को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
कमद को बनाया जाए बस सेवा का केंद्र
किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री से मांग की कि गाजणा क्षेत्र के आधार केंद्र कमद को उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बस सेवा से देहरादून के लिए जोड़ा जाए। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें बार-बार वाहन बदलने की परेशानी से राहत मिल सकेगी। उन्होंने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को जल्द आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भी अनुरोध किया। भट्ट ने कहा कि गाजणा क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों में भी रहते हैं। उन्हें देहरादून और ऋषिकेश के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। सीधी बस सेवा उपलब्ध होने से उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी और ट्रेन व फ्लाइट पकड़ने के दौरान होने वाली परेशानी भी कम होगी।
जल्द शुरू हो सकती है बस सेवा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद किशोर भट्ट ने बताया कि उन्होंने गाजणा क्षेत्र की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है। मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ने पर क्षेत्र में जल्द रोडवेज बस सेवा शुरू हो सकेगी। गौरतलब है कि किशोर भट्ट गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। वह आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट के दावेदार भी माने जा रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र की परिवहन सुविधा से जुड़ी इस मांग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।