राजधानी में पगार नहीं मिली तो नौकर ने मुंह दबाकर ली मालकिन की जान, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उनके घर में काम करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से बकाया वेतन नहीं मिलने से नाराज था। इसी बात को लेकर उसने घर में अकेली मौजूद रेखा बंसल से विवाद किया और तैश में आकर उनके चेहरे पर हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया। घायल होकर बिस्तर पर गिरने के बाद महिला के चिल्लाने पर आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो गई है तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन, वारदात के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा तथा उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
घर में अचेत मिली थीं वृद्ध महिला रायपुर निवासी व्यापारी दिनेश बंसल ने गुरुवार को डायल-112 के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को अचेत अवस्था में देखकर तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। मृतका के पति दिनेश बंसल की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 360/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग
हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस के माध्यम से भी संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार (33) पुत्र घपल्या लाल, मूल निवासी ग्राम मंजयाली, नौगांव तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, उत्तरकाशी और वर्तमान में अजबपुर कलां, देहरादून निवासी की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस टीम ने आरोपी को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
15 साल से परिवार को जानता था आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विनीत कुमार पिछले करीब 15 वर्षों से दिनेश बंसल को जानता था। वह डिस्पेंसरी रोड स्थित उनके ‘अनुज प्रकाशन’ नामक बुक शॉप में हेल्पर के रूप में काम करता था। इसके अलावा पिछले करीब दो वर्षों से वह जोगीवाला-रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में बीजे सिक्योरिटी सर्विसेज के माध्यम से रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में भी काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पिछले कुछ समय से बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं मिला था। वह कई बार अपने पैसे की मांग कर चुका था, लेकिन भुगतान नहीं होने से वह नाराज चल रहा था।
मालिक की स्कूटी से पहुंचा था घर
एसएसपी के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके आवास पर पहुंचा। उसे पहले से जानकारी थी कि घर के पीछे का दरवाजा अक्सर खुला रहता है। आरोपी ने स्कूटी बाहर खड़ी की और पीछे के रास्ते से घर के भीतर दाखिल हो गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं। आरोपी ने रेखा बंसल से अपने बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तैश में आकर हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। वार से उनके गाल और नाक पर चोट आई और वह बिस्तर पर गिर गईं।
मालकिन चिल्लाने पर मुंह दबाकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, चोट लगने के बाद रेखा बंसल चिल्लाने लगीं। आरोपी घबरा गया और उसे अपने पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसके बाद उसने महिला का मुंह अपने हाथ से दबा दिया और कुछ समय तक उसी अवस्था में रखा। जब आरोपी को विश्वास हो गया कि रेखा बंसल की मृत्यु हो चुकी है, तब उसने उनके बाएं हाथ में पहना सोने का कंगन निकाल लिया। इसके बाद आरोपी मौके से निकलकर रिंग रोड स्थित गेस्ट हाउस पहुंचा। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने से बचने के लिए उसने वहां अपने कपड़े भी बदल लिए।
लूटे गए कंगन समेत वारदात में इस्तेमाल कड़ा बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और घटना के दौरान उसके द्वारा पहना गया कड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
24 घंटे में खुलासे पर पुलिस टीम को पुरस्कार
हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने वाली पुलिस टीम के प्रयासों की अधिकारियों ने सराहना की है। आईजी गढ़वाल ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 5,000 रुपये तथा देहरादून एसएसपी ने 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त वस्तुओं और लूटे गए सामान की बरामदगी की गई।