Uttarakhandउत्तराखंडएमडीडीएजागरूकतादावा

देहरादून-मसूरी में विकास की नई उड़ान, एमडीडीए बोर्ड ने खोले निवेश और रोजगार के रास्ते

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित शहरी विकास से जुड़े लगभग 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। गढ़वाल आयुक्त एवं एमडीडीए अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण समेत विभिन्न परियोजनाओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बोर्ड ने सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक की शुरुआत एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत से की। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके पश्चात 114वीं बैठक के एजेंडे में शामिल विकास प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई और आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की गईं।

लैण्ड पूलिंग योजना को मिलेगा विस्तार
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के अंतर्गत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट (ले-आउट) का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड के समक्ष रखा गया। इस प्रस्ताव को नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई। माना जा रहा है कि इस निर्णय से क्षेत्र में नियोजित आवासीय एवं आधारभूत विकास कार्यों को गति मिलेगी।

पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
बोर्ड बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। होटल, पर्यटन इकाइयों, औद्योगिक भवनों, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल तथा रेस्टोरेंट भवन निर्माण से संबंधित प्रस्तावों को नियमों के अनुरूप आगे बढ़ाने की सहमति दी गई। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में निजी निवेश बढ़ने, रोजगार के नए अवसर सृजित होने तथा आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार की संभावना जताई जा रही है।

नियोजित और संतुलित शहरी विकास पर विशेष फोकस
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि तेजी से बढ़ते देहरादून-मसूरी क्षेत्र में विकास कार्य निर्धारित मानकों और मास्टर प्लान के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा के बाद ही स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे पारदर्शिता, गुणवत्ता और सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित हो सके।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले— विकास और निवेश को मिलेगी नई दिशा
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग योजना सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति मिलने से निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करते हुए विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाए जाएंगे। बैठक में संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफआर) कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता सौरभ शर्मा, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता शांति सिंह रावत सहित एमडीडीए के अन्य अधिकारी एवं बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष आनन्द स्वरूप ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button