Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारीदो टूक

समाधान दिवस में उमड़ा जनसैलाब, 176 शिकायतें दर्ज, कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। करीब चार घंटे तक चले जनसुनवाई शिविर में 176 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जे, घरेलू हिंसा, बुजुर्गों के उत्पीड़न, आर्थिक सहायता, फीस माफी और विकास कार्यों से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि गंभीर और जांच योग्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बुजुर्गों और महिलाओं की शिकायतों पर प्रशासन का सख्त रुख
समाधान दिवस में बुजुर्गों और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े कई संवेदनशील मामले सामने आए। जीवनगढ़ निवासी 65 वर्षीय विधवा सावित्री देवी ने बेटे-बहू पर मकान पर कब्जा करने और मारपीट का आरोप लगाया। इस पर एसडीएम विकासनगर को वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की शिकायत पर नगर निगम और तहसीलदार को जांच सौंपी गई। वहीं संजय कॉलोनी निवासी पूजा देवी ने पति की मृत्यु के बाद ननदों द्वारा मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस मामले में भी एसडीएम विकासनगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। घरेलू हिंसा से जुड़ी शिकायतों में जोगीवाला की तुलसी देवी और निरंजनपुर की फूलों देवी ने पति द्वारा मारपीट और दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस और प्रशासन को तत्काल पीड़िताओं की सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद, फर्जीवाड़े और अवैध कब्जों पर जांच तेज
जनसुनवाई में जमीन से जुड़े विवादों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के कई मामले भी सामने आए। केदारपुरम निवासी अनीता गुप्ता ने रजिस्ट्री में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई कि पूरी धनराशि देने के बावजूद विक्रेता ने जमीन अपने नाम ही रखी। मामले की जांच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपी गई है।
ग्राम पंचायत झाझरा और डोईवाला के कान्हरवाला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर बीडीओ और एसडीएम डोईवाला को तत्काल पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रेमपुर माफी में भूमि खरीदने के बावजूद कब्जा नहीं मिलने की शिकायत पर भी जांच के आदेश जारी किए गए।

जनहित के विकास कार्यों को भी मिली प्राथमिकता
समाधान दिवस में केवल शिकायतों का निस्तारण ही नहीं हुआ, बल्कि कई विकास कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए। बैंक ऋण के कारण सीज हुए मकान में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का सामान वापस दिलाने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को बैंक से समन्वय करने को कहा गया।

सिला- सेरा पुल जल्द ठीक करें 

सिलासेरा मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में देरी के कारण स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए पीएमजीएसवाई को निर्माण कार्य तेज करने तथा तब तक वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत कावाखेड़ा में टोंस नदी से पंपिंग योजना और खनन प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई एवं पेयजल पाइपलाइन के लिए जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। श्रावण मास में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गणियात मेला और दखडान मेला के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था जिला पर्यटन अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए।

 

समयबद्ध निस्तारण पर जोर
अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button