Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकदुर्घटना

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा: नदी में समाई इनोवा, 3 शव बरामद, 4 की तलाश जारी, एक घायल

देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्रियों से भरी एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), पुलिस एवं अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त रूप से व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इनोवा कार संख्या UK08TA-5433 में चालक सहित कुल 08 लोग सवार थे, जिनमें 05 महिलाएं और 03 पुरुष शामिल थे। वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरकर नदी में जा समाया। घटना की सूचना थाना देवप्रयाग के माध्यम से SDRF को मिली, जिसके बाद SDRF पोस्ट ब्यासी की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF पोस्ट ढालवाला से राफ्ट एवं अतिरिक्त बचाव दल तथा SDRF पोस्ट श्रीनगर से भी विशेष रेस्क्यू टीम को घटनास्थल भेजा गया। SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में विभिन्न इकाइयों ने जिला पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर समन्वित अभियान चलाया। दुर्गम भूभाग, तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दलों ने नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन खोजबीन शुरू की।

गंभीर घायल बालक को बचाया गया
रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF टीम को एक बालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

भागीरथी नदी से मिले 3 शव
लंबे सर्च अभियान के दौरान SDRF ने नदी से 03 शव बरामद किए, जिनमें 02 पुरुष और 01 महिला शामिल हैं। बचाव दल ने शवों को राफ्ट की सहायता से नदी से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।

वाहन में नहीं मिला कोई अन्य व्यक्ति
रेस्क्यू टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के भीतर और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली, लेकिन वाहन के अंदर कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान का दायरा और बढ़ा दिया गया।

नदी में समाये 4 लोग अब भी लापता
प्रशासन के अनुसार हादसे के बाद 04 लोग अब भी लापता हैं, जिनमें 02 पुरुष और 02 महिलाएं शामिल हैं। SDRF की टीमें नदी के बहाव क्षेत्र, किनारों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जा सकते हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं, जबकि परिजनों में अपने प्रियजनों की कुशलता को लेकर चिंता और बेचैनी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button