केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर टिहरी पुलिस का अनोखा स्वागत, यात्रियों को फल-पानी वितरित कर बढ़ाया मनोबल

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के शुभारंभ के साथ ही आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट विधिविधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस पावन अवसर पर थाना लम्बगांव पुलिस, जनपद टिहरी गढ़वाल द्वारा केमुंडाखाल में यात्रियों के स्वागत हेतु विशेष पहल की गई, जिसने श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया।

थाना लम्बगांव पुलिस टीम ने मां गंगा और यमुना के दर्शन कर चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का फल एवं पानी की बोतलें वितरित कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे यात्रियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए प्रार्थना भी की। यात्रियों ने पुलिस के इस सेवा भाव और धार्मिक आस्था से ओतप्रोत स्वागत की जमकर सराहना की। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का भी बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। यात्रियों ने उत्तराखंड पुलिस एवं टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का स्वागत उनकी यात्रा को और अधिक सुखद बना देता है।

इस मौके पर थाना लम्बगांव के प्रभारी निरीक्षक महिपाल सिंह रावत ने यात्रियों को चारधाम यात्रा रूट, पुलिस सहायता केंद्रों की जानकारी, ट्रैफिक प्लान तथा आपदा के दौरान क्या करें और क्या न करें जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने की अपील की। चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ इस प्रकार के सेवा कार्यों से श्रद्धालुओं में विश्वास और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। यह पहल न केवल यात्रियों के मनोबल को बढ़ा रही है, बल्कि देवभूमि की अतिथि देवो भवः परंपरा को भी साकार कर रही है।
