Uttarakhandउत्तराखंडचारधाम यात्रादावा

उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों का जायजा, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को लेकर उत्तराखण्ड पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरगेशन ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उत्तरकाशी पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान एडीजी ने यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया। इसके बाद उन्होंने यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने 19 अप्रैल से शुरू हो रही यमुनोत्री और गंगोत्री धाम यात्रा के मद्देनज़र अधिकारियों और जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एडीजी ने विशेष रूप से ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने, श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट व्यवहार रखने और उन्हें कम समय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने जानकारी दी कि यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे क्षेत्र को 2 सुपरजोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया है। करीब 600 पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें SDRF, फायर सर्विस, PAC और ATS की टीमें भी शामिल हैं।बैठक के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शासन की कार्ययोजना के अनुरूप अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी व बड़कोट सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button