न्याय संहिता” प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, चार दिन में 8000 से अधिक लोगों ने ली जानकारी

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के तत्वावधान में हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित “न्याय संहिता” राज्यस्तरीय प्रदर्शनी जन-जागरूकता का प्रभावी मंच बनकर उभर रही है। 7 मार्च 2026 से शुरू हुई इस प्रदर्शनी के चौथे दिन मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर न्याय संहिता के प्रावधानों और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को समझा।

प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को न्याय संहिता के प्रमुख प्रावधानों, तकनीकी नवाचारों तथा नागरिक अधिकारों से जुड़ी जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी जा रही है। चौथे दिन आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान आईटीबीपी, बीएसएफ, एनसीबी और एनआईए जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों और अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर न्याय संहिता के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा पीटीसी नरेंद्रनगर, एटीसी हरिद्वार के प्रशिक्षुओं और एसडीआरएफ के युवा आपदा मित्रों ने आपदा प्रबंधन और कानून के समन्वय को समझा।
प्रदर्शनी में शांतिकुंज और पीएमएस स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ हरिद्वार और देहरादून के स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। चौथे दिन करीब 3500 आगंतुकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। पुलिस विभाग के अनुसार प्रदर्शनी के प्रति आमजन में बढ़ते उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उद्घाटन से अब तक 8000 से अधिक लोग इस ज्ञानवर्धक आयोजन का हिस्सा बन चुके हैं। यह समाज के विभिन्न वर्गों में न्याय संहिता को समझने की बढ़ती जिज्ञासा को दर्शाता है।
प्रदर्शनी के दौरान नुक्कड़ नाटकों का भी मंचन किया जा रहा है, जिनके माध्यम से पीड़ित-केंद्रित न्याय, जीरो एफआईआर और पारदर्शी विवेचना जैसे विषयों को प्रभावशाली और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है।
पुलिस विभाग ने बताया कि यह प्रदर्शनी 11 मार्च 2026 तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आम जनता से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में बैरागी कैंप पहुंचकर न्याय संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ उठाएं।
