Uttarakhandउत्तराखंडखेलप्रतिभा को सलाम

दिल्ली मैराथन में भागीरथी बिष्ट ने जीता रजत पदक, चमोली का बढ़ाया मान

देहरादून। दिल्ली मैराथन के 11वें संस्करण में उत्तराखंड की प्रतिभाशाली धाविका भागीरथी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में 24 वर्षीय भागीरथी ने 2 घंटे 43 मिनट का समय लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया और प्रदेश के साथ-साथ चमोली जनपद का नाम रोशन किया।

रविवार को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आए धावकों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। चमोली जिले के वाण गांव की निवासी भागीरथी बिष्ट ने पूरे आत्मविश्वास, संतुलित गति और मजबूत रणनीति के साथ दौड़ पूरी कर यह सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
भागीरथी की इस उपलब्धि से चमोली जनपद और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। भागीरथी के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा ने बताया कि पूरी दौड़ के दौरान भागीरथी ने संयम और धैर्य बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद वह अपनी रणनीति पर डटी रहीं और मजबूती से रेस पूरी की।
उल्लेखनीय है कि भागीरथी इससे पहले ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी हैं। ‘फ्लाइंग गर्ल’ के नाम से पहचानी जाने वाली भागीरथी बिष्ट वर्तमान में पौड़ी जनपद स्थित रासी स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मैराथन स्पर्धा में पदक जीतना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button