देहरादून में फिल्म ‘अजेय’ की विशेष स्क्रीनिंग, प्रेरणा और राष्ट्रभाव का संदेश

देहरादून।“सवाल” सामाजिक संस्था के तत्वावधान में देहरादून स्थित माइक्रोसिनेप्लेक्स सिनेमा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म अजेय की विशेष स्क्रीनिंग उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल, संस्कृति एवं कला परिषद की अध्यक्षा मधु भट्ट, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष भावना डोभाल, प्रदेश प्रवक्ता जानकी नौटियाल, राष्ट्रीय सेविका समिति से शारदा त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके साथ ही फिल्म के लेखक शांतनु गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया। फिल्म के लेखक शांतनु गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि ‘अजेय’ किसी एक व्यक्ति की जीवनी मात्र नहीं, बल्कि संघर्ष, संकल्प, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की प्रेरक यात्रा का सशक्त चित्रण है। उन्होंने बताया कि फिल्म का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से जोड़ना है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल ने कहा कि इस प्रकार की फिल्में महिलाओं और युवाओं में आत्मबल एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक सिद्ध होती हैं। वहीं मधु भट्ट ने कहा कि संस्कृति और मूल्यों पर आधारित ऐसी प्रस्तुतियां समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करती हैं। संस्था की अध्यक्ष लक्ष्मी बिष्ट ‘मधु’ ने सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सवाल” संस्था भविष्य में भी समाजोन्मुखी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
