Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकजिम्मेदारी

उत्तरकाशी में 17 करोड़ की सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, कांग्रेस ने किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून। जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने सोमवार को जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में वरुणाघाटी क्षेत्र की ज्ञानसू–साल्ड–उपरिकोट (निर्माणाधीन) मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिला मुख्यालय से 7 से 14 किमी की दूरी पर स्थित लगभग एक दर्जन गांव आज भी मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। क्षेत्र में लगे मोबाइल टावर शोपीस बने हुए हैं और कार्यरत नहीं हैं। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मौके पर कच्चे पत्थरों से पुश्ते लगाए जा रहे हैं तथा निरीक्षण के समय कोई भी विभागीय अभियंता उपस्थित नहीं था। जहां सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता है, वहां कार्य नहीं किया जा रहा है।
कांग्रेस ने मांग की कि क्षेत्र में शीघ्र मोबाइल नेटवर्क चालू कराया जाए और सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो जिला कांग्रेस कमेटी जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी। साथ ही सड़क निर्माण की साप्ताहिक निगरानी की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभाग में तालाबंदी की जाएगी। निरीक्षण में पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यबल्लभ नौटियाल, पूर्व प्रधान अनिल रावत, युवा कांग्रेस के भगवान चंद सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button