देहरादून में 28वीं इंटर स्कूल स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप संपन्न, 367 खिलाड़ि

देहरादून। इनलाइन स्केटर हॉकी एसोसिएशन उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित 28वीं इंटर स्कूल स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 का सफल समापन शाकुन स्पोर्ट्स, देहरादून में हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के विभिन्न स्कूलों व क्लबों से करीब 367 स्केटर्स ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में वेल्हम बॉयज, सेंट जॉर्जेस कॉलेज, द ओएसिस, हिलग्रांज, जीडी गोयनका, टिहरी स्केट क्लब, उर्सा हरिद्वार क्लब और एड्रोइट स्कूल सहित कई संस्थानों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान स्पीड स्केटिंग, इनलाइन हॉकी और मैराथन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज भारद्वाज ने बताया कि चैंपियनशिप का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी ऑल इंडिया रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए किया गया है।इस अवसर पर प्रतियोगिता का संचालन सूरज धीमान, चित्रांजलि नेगी, शिवम भारद्वाज, अभिमन्यु नेगी, वशिष्ठ खत्री, आर्यन भारद्वाज एवं पर्व द्वारा किया गया। साथ ही कोच दीपक, अब्दुल सत्तार, नरेंद्र, समद और पारस सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। चैंपियनशिप के सफल आयोजन से प्रदेश में रोलर स्केटिंग खेल को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इनलाइन हॉकी में दमदार प्रदर्शन
18 अप्रैल को आयोजित इनलाइन हॉकी प्रतियोगिता में गर्ल्स वर्ग में दून वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आइडियल कॉन्वेंट दूसरे और उर्सा तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर बॉयज़ वर्ग में सेंट जॉर्जेस कॉलेज मसूरी विजेता बना, जबकि वेल्हम बॉयज स्कूल उपविजेता रहा। सीनियर बॉयज़ वर्ग में मैक इंडिया क्लब ने पहला स्थान प्राप्त किया।
स्पीड स्केटिंग में उभरी नई प्रतिभाएं
19 अप्रैल को आयोजित स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। छोटे आयु वर्गों से लेकर सीनियर वर्ग तक कई उभरते खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
मैराथन में कृष राठौर अव्वल
मैराथन स्पर्धा में कृष राठौर ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि आयुष रावत ने रजत और अनिरुद्ध ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शाकुन स्पोर्ट्स एकेडमी के डायरेक्टर विजय चंदेल, फोर्स फिटनेस की सीईओ मोहिनी नेगी, आइडियल कॉन्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल पूजा भारद्वाज एवं रीना धीमान ने विजेताओं को सम्मानित किया।
