उत्तराखंड में भ्रष्टाचार पर विजिलेंस का शिकंजा, देहरादून में खंड शिक्षा अधिकारी एक लाख की घूस लेते गिरफ्तार

देहरादून।उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में देहरादून जिले में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोईवाला विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर बिष्ट को विजिलेंस टीम ने एक लाख रुपये की घूस लेते हुए पकड़ा। बताया जा रहा है कि नेपाली फार्म क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय से आरटीई (Right to Education) के तहत मिलने वाली धनराशि जारी करने के एवज में यह रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच करते हुए जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है। विजिलेंस विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम जनता और अभिभावकों ने इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे सिस्टम में पारदर्शिता आएगी और बच्चों के अधिकारों पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
