Uttarakhandउत्तराखंडविजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

उत्तराखंड में विजिलेंस का डबल एक्शन, रिश्वतखोरी पर करारा वार

देहरादून। हरिद्वार में जीएसटी विभाग के क्लर्क प्रमोद सेमवाल को ₹20,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार करने के बाद अब कुमाऊं मंडल में भी विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है।

हल्द्वानी सेक्टर की विजिलेंस टीम ने दिनेशपुर क्षेत्र से एक एएसआई को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
बिजली चोरी के मुकदमे की आड़ में मांगी जा रही थी रिश्वत
शिकायतकर्ता, निवासी दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसके नाम पर गदरपुर थाना क्षेत्र में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना थाना में तैनात ASI अनवर अहमद द्वारा की जा रही थी।

केस निपटाने” के बदले ₹15 हजार की मांग

पीड़ित का आरोप है कि विवेचक ASI अनवर अहमद ने मुकदमे में राहत दिलाने और केस निपटाने के एवज में ₹15,000 की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कर ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई।

ट्रैप ऑपरेशन में रंगे हाथ गिरफ्तारी

आज दिनांक 24 फरवरी 2026 को विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए ASI अनवर अहमद को शिकायतकर्ता से ₹15,000 लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की रकम मौके से बरामद की गई। पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन और गवाहों की मौजूदगी में संपन्न की गई।
थाना दिनेशपुर में तैनात था आरोपी, मचा हड़कंप
गिरफ्तार ASI अनवर अहमद थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर में तैनात था। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश

यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है। सतर्कता अधिष्ठान ने साफ संदेश दिया है कि पद या वर्दी चाहे जो हो, कानून से ऊपर कोई नहीं। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है तो बिना डर सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क करें, शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहा अभियान लगातार असर दिखा रहा है और यह कार्रवाई उसी कड़ी की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button