
देहरादून।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में उत्तराखंड पुलिस द्वारा आयोजित नई न्याय संहिता पर आधारित राज्यस्तरीय भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद गृह मंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर नई न्याय संहिताओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई न्याय संहिताएं देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, माताओं और बहनों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी को अवश्य देखें और न्याय संहिता के प्रावधानों के बारे में जानकारी प्राप्त करें, ताकि समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
उत्तराखंड पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, पुलिस अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों और अन्य संबंधित हितधारकों को आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से लगाई गई है। प्रदर्शनी में नई न्याय संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं को सरल, दृश्य और इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए प्रस्तुत किया गया है, जिससे आम लोगों को भी कानून की नई व्यवस्थाओं को समझने में आसानी हो सके।
प्रदर्शनी में समयबद्ध जांच और चार्जशीट दाखिल करने की अनिवार्यता, जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों में अनिवार्य फॉरेंसिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों की वैधता तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सशक्त कानूनी प्रावधान जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और तकनीकी रूप से अधिक सुदृढ़ बनाना है।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य भारतीय न्याय संहिता जैसे नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में देश में अग्रणी रहा है। राज्य सरकार और पुलिस विभाग द्वारा कानूनों को धरातल पर लागू करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित यह राज्यस्तरीय प्रदर्शनी 11 मार्च तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने नागरिकों से इस प्रदर्शनी का लाभ उठाकर नई न्याय संहिताओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
