उत्तराखंड पुलिस आरक्षी भर्ती का चयन परिणाम घोषित, 2 मार्च से मेडिकल शुरू

देहरादून।पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है।
आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 65/उ.आ.से.च.आ./2024 (दिनांक 30 अक्टूबर 2024) के माध्यम से उत्तराखण्ड पुलिस में आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) एवं आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के कुल 2000 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई थी। आयोग की चयन परिणाम विज्ञप्ति संख्या 284/परीक्षा/2025-26 दिनांक 27 फरवरी 2026 के अनुसार सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि चयनित अभ्यर्थियों का चिकित्सा/स्वास्थ्य परीक्षण 02 मार्च 2026 से प्रारम्भ किया जाएगा। यह परीक्षण संबंधित जनपदों में, उसी जनपद में आयोजित किया जाएगा जहां से अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रतिभाग किया था। मेडिकल प्रक्रिया संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपदीय चिकित्सा बोर्ड के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार मेडिकल परीक्षण में उपस्थित होने की अपील की है। यह भर्ती प्रक्रिया राज्य में पुलिस बल को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
