हैंडबॉल संघ के सचिव पर दुराचार का मुकदमा, महिला खिलाड़ी ने लगाए गंभीर आरोप, उत्तराखंड से हैं कनेक्शन

देहरादून। उत्तरप्रदेश हैंडबॉल संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडेय के खिलाफ महिला खिलाड़ी ने दुराचार का मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने पांडेय पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए केंद्रीय खेल मंत्री को भी इसकी शिकायत की हैं। इस मामले में भिवाड़ी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आनंदेश्वर पांडेय के राष्ट्रीय खेल संघ से जुड़े एक उत्तराखंड निवासी पदाधिकारी से काफी नजदीकियां हैं। सोशल मीडिया में पांडेय के खिलाफ लम्बे समय से महिला खिलाड़ियों के शोषण की शिकायतें वॉयरल हो रही हैं।
उत्तर प्रदेश ओलिंपिक संघ के सचिव आनंदेश्वर पांडेय (हैंडबॉल संघ के सचिव) गहरे विवाद में फंस चुके हैं। कुछ दिन पहले इंटरनेट पर अलग-अलग महिलाओं संग उनकी कई अश्लील तस्वीरें वायरल हो चुकीं हैं। फोटोज इतनी आपत्तिजनक है कि उसे हम भी आपको जस की तस नहीं दिखा सकते। इन अश्लील तस्वीरों में पांडेय कई महिलाओं के संग भारतीय टीम की किट पहने हुए भी नज़र आ रहे हैं। इसकी लखनऊ में सीएम पोर्टल पर भी उनकी शिकायत दर्ज हो चुकी है। इसके बाद एक महिला खिलाड़ी ने साहस दिखाते हुए राजस्थान के भिवाड़ी थाने में आनंदेश्वर पांडेय निवासी निराला नगर लखनऊ के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस पर भिवाड़ी पुलिस ने ज़ीरो एफआईआर दर्ज करते हुए आनंदेश्वर पांडेय के खिलाफ़ धारा 376, 511, 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। भिवाड़ी थाने से मिली जानकारी के अनुसार जीरो एफआईआर को लखनऊ ट्रांसफर किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उत्तरप्रदेश में रहते हुए उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया है। ऐसे में आरोपी की जांच भी लखनऊ पुलिस करेगी। इधर, पांडेय के उत्तराखंड से भी गहरे कनेक्शन बताए जा रहे हैं। ओलंपिक संघ के एक चर्चित पदाधिकारी से लेकर खेल गतिविधियों से जुड़े कई लोगों से पांडेय की नजदीकियां हैं। बहरहाल भिवाड़ी से मुकदमा लखनऊ ट्रांसफर होने के बाद पांडेय की मुश्किलें बढ़नी तय है। पुलिस ने यदि महिला के आरोपों के अनुसार और दर्ज धाराओं के अनुरूप जांच की तो पांडेय की गिरफ्तारी भी तय है।उधर, इस मामले में आनंदेश्वर पांडेय का पक्ष जानने की कोशिशें की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। करंट न्यूज़ यूके को जब भी उनका पक्ष मिलेगा प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।