Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारीनिरीक्षण

डीएम ने तहसील, थाना और ब्लॉक दफ्तर का किया निरीक्षण, अफसरों को दी ये हिदायतें

देहरादून। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार सायं बड़कोट तहसील,  कोतवाली एवं नौगांव ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा विकासपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए।

थाना बड़कोट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मालखाना एवं बंदीगृह की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मालखाने से संबंधित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया, उपस्थिति रजिस्टर तथा सीसीटीवी नेटवर्क की भी जांच की। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न मामलों में दर्ज वादों की जानकारी भी ली।
तहसील कार्यालय बड़कोट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षों, अभिलेखागार एवं मीटिंग हॉल का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों की मांग समय से जिला प्रशासन को अवगत कराने को कहा।


नौगांव ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी ने कार्यबल एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रधान संघ अध्यक्ष त्रिपन रावत ने एसएनए स्पर्श पोर्टल से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर डीएम ने तत्काल राज्य समन्वयक मनरेगा सुधा तोमर से फोन पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी द्वारा सहायक लेखाकार के रिक्त पद से उत्पन्न कठिनाइयों की जानकारी देने पर जिलाधिकारी ने सीडीओ के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, अंत्योदय योजना एवं लखपति दीदी योजना की प्रगति में और सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही 15 फरवरी से प्रारंभ होने वाली एसआईआर मैपिंग के लिए ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मुकेश चंद रमोला, खंड विकास अधिकारी प्रकाश पंवार, तहसीलदार रेनू सैनी, प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button