एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, डोईवाला में 40 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोज़र

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। डोईवाला क्षेत्र में लगभग 40 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्तीकरण कर समाप्त कर दिया गया। यह कार्रवाई उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत की गई।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों को पूर्व में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग रोकने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी किए जाने पर यह कठोर कदम उठाया गया। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध प्लॉटिंग से न केवल अनियंत्रित विकास को बढ़ावा मिलता है, बल्कि भविष्य में आधारभूत सुविधाओं पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक और कानूनी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के तहत रियासत अली, मोन्टी और आवेद अली द्वारा कुड़कावाला मार्ग, बीएसएफ कैंप के पीछे, नकट भट्टा, डोईवाला में लगभग 30 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा दीपू रावत द्वारा झबरावाला, डोईवाला में करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोज़र चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा, अवर अभियंता स्वाती कोहली, सुपरवाइजर तथा पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के हितों के साथ भी खिलवाड़ है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भूमि क्रय करने से पूर्व उसकी वैधता की पुष्टि अनिवार्य रूप से एमडीडीए से करें।
वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह विधिसम्मत प्रक्रिया के अंतर्गत की गई है। नोटिस जारी करने के बावजूद नियमों का पालन न होने पर ध्वस्तीकरण किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए की इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है और प्राधिकरण ने संकेत दिए हैं कि नियोजित एवं सुरक्षित शहरी विकास के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
