हल्द्वानी दंगे में नहीं, पुलिस सिपाही की पत्नी से अवैध सम्बंध पर हुई प्रकाश की हत्या, सिपाही गिरफ्तार

देहरादून। हल्द्वानी में बिहार के प्रकाश की हत्या वनभुलपुरा दंगे में नहीं बल्कि पुलिस सिपाही की पत्नी से अवैध सम्बंध से हुई है। पुलिस ने मामले का खुलासा कर हत्या के आरोपी पुलिस सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा आरोपी की पत्नी समेत अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस आरोपी की धरपकड़ को दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी इन्द्रानगर रेलवे क्रॉसिंग से आगे आँवला गेट की तरफ मुख्य मार्ग गौलापार बाईपास रोड पर 8 फरवरी को प्रकाश कुमार सिंह उर्फ अविराज पुत्र श्री श्याम देव सिंह निवासी छिने गाँव भोजपुर सिन्हा, बिहार उम्र 25 वर्ष की लाश मिली थी। चूंकि घटना के दिन वनभुलपुरा में दंगे हुए थे तो प्रकाश की मौत दंगे से जोडी जा रही थी। लेकिन पुलिस ने जांच की तो कहानी कुछ अलग ही निकली। पुलिस के अनुसार 09 फरवरी को थाना बनभूलपुरा को सूचना प्राप्त हुयी कि इन्द्रानगर रेलवे फाटक से आगे ऑवला गेट गौलाबाईपास मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस सूचना पर थाना बनभूलपुरा से उप निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस बल के मौके पर पहुँचे। मौके पर मिले दस्तावेजों से उसकी शिनाख्त प्रकाश कुमार सिंह उपरोक्त के रूप में हुयी। प्राथमिक जांच के आधार पर जाँच अधिकारी द्वारा यह पाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिनांक 08.02.24 की रात्रि को उक्त प्रकाश कुमार सिंह की हत्या कर दी गयी। जिसके आधार पर थाना बनभूलपुरा में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 302 भादवि का अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसकी विवेचना थानाध्यक्ष श्री नीरज भाकुनी द्वारा सम्पादित की जा रही है।
पुलिस की जांच में ये कहानी आयी सामने
पुलिस ने उक्त मामले की जाँच के दौरान पाया कि मृतक प्रकाश कुमार सिंह के मोबाईल आदि की जाँच की गयी। एसओजी व सर्विलांस की मदद ली गयी तो यह संज्ञान में आया कि उक्त मृतक युवक का सम्पर्क सितारगंज के किसी युवक से था तथा उत्तराखण्ड के अन्य नम्बर से भी वह वार्ता कर रहा था। वह दिनांक 08.02.24 को हल्द्वानी पहुँचा। उक्त सम्पर्क में आये व्यक्तियों की जानकारी कर उनसे पूछताछ की गयी तो पता चला कि सूरज मृतक का लगभग दो ढाई साल से दोस्त था एवं मृतक प्रकाश कुमार सूरज के घर आता जाता रहता था। इसी दौरान प्रकाश कुमार सिंह के अवैध सम्बन्ध सूरज भी बहन व पुलिस सिपाही की पत्नी के साथ बन गये। मृतक प्रकाश कुमार ने पुलिस सिपाही की पत्नी के साथ अवैध शारीरिक सम्बन्ध की वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करने लगा। यह बात महिला ने अपने पति से छुपा कर रखी लेकिन दिनाँक 07.02.24 को मृतक द्वारा उसके पति को फोन किया गया। जिसके बाद पत्नी द्वारा पूरी बात अपने पति को बतायी गयी। तब पुलिस सिपाही द्वारा अपनी पत्नी एवं अपने साथी नईम खान उर्फ बबलू के साथ मिलकर प्रकाश कुमार सिंह की हत्या करने की साजिश रची। मृतक उपरोक्त को सिपाही ने अपनी पत्नी के माध्यम से हल्द्वानी बुलवाया। आरोप है कि सिपाही ने प्रकाश कुमार से अपने मोबाईल से पत्नी की वीडियो हटाने को कहा। लेकिन प्रकाश कुमार द्वारा मना करने पर सिपाही ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनांक: 08.02.2024 की शाम को प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी। आज दिनाँक 15.02.24 को उपरोक्त अभियुक्त पुलिस सिपाही व उसके साथियो को बाद पूछताछ जुर्म इकबाल के आधार पर धारा 302 भादवि में गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त बीरेन्द्र की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल मय जिन्दा 04 कारतूस बरामदगी की गयी। घटना के बाद से आरोपी की पत्नी फरार चल रही है।