Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकताजिम्मेदारी

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में डिजिटल शिक्षा की दिशा में जिला प्रशासन की ऐतिहासिक पहल

देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन देहरादून ने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल की विशेष पहल और व्यक्तिगत निर्देशन में जनपद के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आधुनिक डिजिटल शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है।

प्रोजेक्ट ‘उत्कर्ष’ के अंतर्गत शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में लार्ज स्केल पर कार्य करते हुए जिला खनन न्यास निधि से 3.67 करोड़ रुपये की लागत से 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। इस पहल से अब सरकारी विद्यालयों की प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट तकनीक आधारित शिक्षण संभव हो सकेगा। जिलाधिकारी सविन बंसल का यह शिक्षा मॉडल निजी और सरकारी विद्यालयों के बीच डिजिटल अंतर को पाटने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। स्मार्ट टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑडियो-विजुअल कंटेंट, डिजिटल पाठ्यक्रम और आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ा जाएगा, जिससे सीखने की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से जिले के सभी सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर युक्त किया जा चुका है। कक्षा-कक्षों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो रहा है। जिला प्रशासन का मानना है कि डिजिटल संसाधनों से युक्त विद्यालय न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक समझ को बढ़ाएंगे, बल्कि उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए भी तैयार करेंगे। यह पहल सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्रांति की मजबूत नींव रखेगी और शिक्षा की गुणवत्ता को नए आयाम देगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button