वीडियो…..जेपी नड्डा ने सीएम धामी के नेतृत्व की सराहना, विकास पथ पर आगे बढ़ने की दी शुभकामनाएं

देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने शनिवार को देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को भविष्य में भी देवभूमि उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ प्रदेशवासियों की सेवा में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जो प्रभावी शासन और मजबूत नेतृत्व का प्रमाण है। जेपी नड्डा ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अब तक किए गए कार्यों के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की प्रगति से स्पष्ट है कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को ज़मीन पर प्रभावी ढंग से लागू कर रही है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए देवभूमि को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि जेपी नड्डा, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ केंद्र सरकार में एक महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
