हरिद्वार के सिडकुल कोतवाली में पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी की संदिग्ध मौत, जांच के आदेश

देहरादून। हरिद्वार के सिडकुल कोतवाली क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। घटना ने पुलिस कार्यप्रणाली और हिरासत में सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला उस समय शुरू हुआ जब सीजेएम कोर्ट में कुछ आरोपियों की जमानत लेने पहुंचे चार जमानतियों पर शक हुआ। कोर्ट के निर्देश पर उनकी गहन जांच कराई गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चारों कथित रूप से पेशेवर जमानती हैं, जो अलग-अलग मामलों में लगातार जमानत दिलाने का काम करते रहे हैं। इस खुलासे के बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हिरासत के दौरान ही आरोपियों में शामिल नरेश (निवासी हरिद्वार) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया है। अब सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। वरिष्ठ अधिकारी तत्काल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।इधर, घटना ने एक बार फिर पुलिस हिरासत में आरोपियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है तो यह एक संयोग हो सकता है, लेकिन यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण सामने आते हैं, तो यह मामला गंभीर मोड़ ले सकता है।फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में है, जबकि परिजनों और आम जनता के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।
