Uttarakhandउत्तराखंडगाज गिरीदो टूक

दून में कानून-व्यवस्था पर सख्त एक्शन, लापरवाही पर दो अधिकारी निलंबित

देहरादून। हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह (क्षेत्र-3 मसूरी) और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसे सरकार की सख्ती का बड़ा संकेत माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और हुड़दंग, रोड रेज, फायरिंग जैसी घटनाओं पर तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उधर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने रोड रेज और हुड़दंग की बढ़ती घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए निगरानी बढ़ाने और उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने एसएसपी देहरादून को सभी थाना प्रभारियों को पीक ऑवर में गश्त बढ़ाने के निर्देश देने को कहा। साथ ही डे-नाइट पेट्रोलिंग के अलावा मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित समय का सख्ती से पालन कराया जाए और सप्ताहांत पर शहर को हुड़दंगियों का अड्डा न बनने दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों और अवैध संचालन पर भी कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा, शहर के आसपास संचालित होम-स्टे की मैपिंग कर निगरानी बढ़ाने, किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं। सरकार के इस सख्त रुख से साफ है कि दून में कानून-व्यवस्था को लेकर अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button