डोबरा-चाटी में आंधी-तूफान का कहर, फ्लोटिंग हटमेंट टूटे, SDRF ने 30 लोगों को सुरक्षित निकाला

देहरादून।टिहरी गढ़वाल जनपद के डोबरा-चाटी क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने झील क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट तेज हवाओं के चलते क्षतिग्रस्त होकर बह गए, जिससे वहां मौजूद लोगों के फंसे होने की सूचना मिली।

आपदा कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद स्टेट डिज़ास्टर रिस्पांस फ़ोर्स (SDRF) की टीम तत्काल हरकत में आई। कोटी कॉलोनी स्थित पोस्ट से सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि तेज तूफान के कारण फ्लोटिंग हटमेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे और कई लोग झील में फंसे हुए थे। SDRF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने करीब 25 से 30 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को पर्यटन विभाग की बोट के माध्यम से सुरक्षित कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बार फिर SDRF की तत्परता और दक्षता को साबित किया है।
