राज्य स्तरीय स्पेल जीनियस एवं मैथ विजार्ड प्रतियोगिता संपन्न, कपकोट का शानदार प्रदर्शन

देहरादून। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा उत्तराखंड के तत्वावधान में आज एससीईआरटी परिसर, देहरादून में राज्य स्तरीय मैथ विजार्ड एवं स्पेल जीनियस प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 47 प्रतिभागियों एवं 26 एस्कॉर्ट शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पल्लवी नेगी (उप राज्य परियोजना निदेशक) द्वारा किया गया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. भगवती प्रसाद मंदोली (स्टाफ ऑफिसर) एवं प्रद्युम्न सिंह रावत (उप राज्य परियोजना निदेशक) उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जनपदों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी भाषाई दक्षता एवं गणितीय कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें विजेताओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शब्द ज्ञान, भाषा कौशल, गणितीय क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास करना है। ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।
राज्य स्तरीय स्पेल जीनियस एवं मैथ विजार्ड प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड के विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट हैं, बल्कि प्रतिस्पर्धात्मक मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। ऐसे आयोजन शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कपकोट का रहा दबदबा
दोनों ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पीएमश्री रा.आ.वि. कपकोट के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि पर उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा उत्तराखंड दीप्ती सिंह ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने छात्रों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम में राज्य समन्वयक अखिलेश ध्यानी, नवीन नेगी, विद्या समीक्षा केंद्र, एससीईआरटी एवं समग्र शिक्षा की टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन संतोष थपलियाल एवं श्री भक्त दर्शन नेगी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
मैथ विजार्ड प्रतियोगिता परिणाम
प्रथम स्थान – दक्ष रौतेला (जनपद बागेश्वर) , द्वितीय स्थान – नुजत जलाल (जनपद अल्मोड़ा) , तृतीय स्थान – विहान खत्री (जनपद चमोली) तथा स्पेल जीनियस प्रतियोगिता परिणाम: प्रथम स्थान – गौरव सिंह कुर्गिया (कपकोट), द्वितीय स्थान – दक्ष बिष्ट (जमानाधार) , तृतीय स्थान – वैदेही पंत (मटेला) ने प्राप्त किया।
