एसएसपी ने दिए सभी पोर्टलों पर सूचनाओं को समय से अपडेट रखने के निर्देश

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने बुधवार को कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों का गहन अवलोकन करते हुए सभी रजिस्टरों व दस्तावेजों को नियमित रूप से अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण समय से करने के स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रार्थना पत्र को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, अन्यथा संबंधित जांच अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने CCTNS सहित एनसीआरबी, सीएम पोर्टल, ई-डिस्ट्रिक्ट व अन्य प्लेटफॉर्म पर प्राप्त शिकायतों, सत्यापन और सेवाओं को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने पर जोर दिया। साथ ही सभी पोर्टलों पर सूचनाओं को समय से अपडेट रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में कर्मचारियों की बैरिक, आवासीय परिसर और मैस का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर का बनाए रखने और भोजनालय में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मालखाने के निरीक्षण में उन्होंने लंबित माल मुकदमाती और लावारिस संपत्ति के निस्तारण में तेजी लाने को कहा। एमवी एक्ट के अंतर्गत जब्त वाहनों सहित अन्य मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिए गए।
इसके अलावा थाने में उपलब्ध असलहों, दंगा नियंत्रण उपकरणों और आपदा प्रबंधन संसाधनों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से वैपन हैंडलिंग का अभ्यास कराने और क्राइम डिटेक्शन किट के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य संकलन में दक्षता बढ़ाई जा सके।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित बैठक में एसएसपी ने अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और न्यायालय से प्राप्त पत्रों के समयबद्ध अनुपालन पर विशेष जोर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों से उनकी समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।nएसएसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस कर्मियों के हितों और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर कोतवाल हरिओमराज चौहान ने कोतवाली से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याएं एसएसपी के संज्ञान में लाई।
